
नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल सड़क मार्ग पर रविवार दोपहर वल्दियाखान क्षेत्र में अचानक चीड़ का एक विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। संयोगवश उसी दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत भी इसी मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके से ही जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर तत्काल पेड़ हटाने तथा यातायात सुचारू कराने के निर्देश दिए
मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान आयुक्त दीपक रावत ने फंसे हुए यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन जल्द से जल्द पेड़ हटाकर मार्ग को खोलने की कार्रवाई कर रहा है।
घटना के दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के किनारे और नीचे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने स्वयं उन्हें रोकते हुए ऐसा जोखिम न उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में थोड़ी जल्दबाजी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते पेड़ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।
मुख्य बिंदुः
वल्दियाखान के पास सड़क पर गिरा चीड़ का विशाल पेड़।
हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर यातायात हुआ बाधित ।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मौके से अधिकारियों को दिए तत्काल निर्देश।
यात्रियों से धैर्य रखने और जोखिम न लेने की अपील।
घटना में कोई जनहानि या नुकसान नहीं हुआ।

