उत्तराखण्ड

तमंचे के साथ पकड़ा एक लाख का इनामी गैंगस्टर भदौड़ा, हत्या, लूट, रंगदारी समेत दर्जनों मामलों में था वांछित 

खबर शेयर करें -

काशीपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अपराध की दुनिया में करीब तीन दशक से सक्रिय एक लाख के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौड़ा को आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत बुधवार को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। इस पर आईटीआई कोतवाली पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित एक खंडहर के निकट घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम योगेश मलिक (53) उर्फ भदौड़ा पुत्र भोपाल सिंह निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जिला मेरठ बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला गया। जांच में सामने आया कि योगेश मलिक यूपी पुलिस का घोषित एक लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर है। उसके खिलाफ मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर और गाजियाबाद सहित विभिन्न जिलों में 46 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं

इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, बलवा और अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं। मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है। वहीं, वह सहारनपुर के गंगोह थाने में दर्ज बलवा और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था। एसएसपी ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कियूपी के शातिर एक लाख के इनामी गैंगस्टर को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ कई जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव