एसएसबी ने स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर श्रावस्ती में भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी का भंडाफोड़ किया। चार नेपाली युवतियों के साथ दो भारतीय तस्करों …और पढ़ें
सीमावर्ती सिरसिया क्षेत्र के एसएसबी सीमा चौकी सुईया के जवानों ने स्वयंसेवी संस्था की टीम के साथ शनिवार की देर शाम नेपाल से तस्करी कर लाई जा रहीं चार नेपाली युवतियों के साथ दो भारतीय तस्करों को गुलरा गांव के पास से दबोच लिया। जवानों ने बरामद युवतियों व तस्करों को सिरसिया थाने की पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी।
62वीं वाहिनी एसएसबी सीमा चौकी सुईया के जवानों को शनिवार को सूचना मिली कि दो युवक बाइक से नेपाली युवतियों को तस्करी के लिए भारतीय सीमा की ओर ला रहे हैं।
इस पर एसएसबी जवानों ने स्वयंसेवी संस्था देहात इंडिया के मुहम्मद यूसुफ, हंसराज, सारजन वर्मा, लक्ष्मी व नीरज श्रीवास्तव तथा ग्रामीण बौद्ध कल्याण सेवा संस्थान के प्रेम बाबा गिरि के साथ गुलरा गांव के पास भारत-नेपाल सीमा स्थित पिलर संख्या- 634/6 से लगभग ढाई किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में संघन तलाशी और निगरानी शुरू कर दी।
इस दौरान दो भारतीय युवक बाइक से चार नेपाली युवतियों के साथ गुलरा गांव से खैरी तराई की ओर आते दिखे। जवानों ने घेराबंदी करते कर उन्हें रोका।
पूछताछ और जांच में मामला मानव तस्करी का पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों व चारों नेपाली युवतियों को हिरासत में लेकर सिरसिया पुलिस को सौंप दिया। इनके कब्जे से दो बाइक व छह मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
तस्करों की पहचान साेनवा क्षेत्र के नेवरिया के परानपुर निवासी श्रवण कुमार उर्फ रमेश व फतुहापुर के बेड़सरी निवासी रामकिशन उर्फ ननकऊ के रूप में हुई। सिरसिया थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध संबंधी धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
