लालसोट । थाना रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के गांव अभयपुरा में चार मकानों, एक दुकान एवं एक मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय नकबजन गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूर्व में गुरुग्राम, दिल्ली व पंजाब में भी चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार 18/19 दिसंबर 2025 की रात्रि को अज्ञात बदमाशों ने अभयपुरा गांव में चार मकानों, एक दुकान तथा एक मंदिर के ताले तोड़कर नकदी, आभूषण एवं अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना रामगढ़ पचवारा में मुकदमा संख्या 174/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
सीसीटीवी फुटेज एवं गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों दुर्गालाल (23) निवासी टांटोटी जिला अजमेर, सत्यनारायण उर्फ सत्तू पंवार उर्फ सत्या (24) निवासी तेनाल जिला भीलवाड़ा तथा भागचंद उर्फ लेफ्टी (28) निवासी कनेछन थाना फूलिया कलां जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपियों द्वारा 3 फरवरी 2026 को भरतपुर कोतवाली क्षेत्र में भी दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देना सामने आया है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी मदन लाल, सहायक उपनिरीक्षक प्यार सिंह, शीशराम, कांस्टेबल रामकेश व रोहिताश शामिल थे।

