उत्तराखण्ड

क्या प्यार में रिजेक्शन से बौखलाया था लॉ स्टूडेंट? तरनतारन शूटआउट पर नया सवाल, सामने आया Video

खबर शेयर करें -

Tarn Taran Shootout Case: पंजाब के तरनतारन लॉ कॉलेज में मर्डर के बाद सुसाइड केस से खलबली मची हुई है. ऐसे में पुलिस को ये भी आशंका है कि कहीं एकतरफा प्यार में सनकी छात्र ने छात्रा को तो नहीं मार डाला? फिर खुद भी सुसाइड कर लिया. हालांकि, इसकी अभी पुष्टि हुई नहीं हैं. फिर भी इस एंगल पर जांच जारी है.

क्या प्यार में रिजेक्शन से बौखलाया था लॉ स्टूडेंट? तरनतारन शूटआउट पर नया सवाल, सामने आया Video
मृतका संदीप कौर.

तारीख 9 फरवरी 2026… पंजाब का तरनतारन शहर… यहां सोमवार की सुबह ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिससे सभी के होश फाख्ता हो गए हैं. मामला मर्डर के बाद सुसाइड का है. उस्मा गांव स्थित लॉ कॉलेज में हर दिन की तरह छात्र क्लास शुरू होने का इंतजार कर रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ मिनटों में यह शिक्षा का मंदिर गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार से दहल जाएगा.

कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज में मौत का वह मंजर कैद हुआ है जिसने सबको सन्न कर दिया है. सुबह करीब 9 बजे थे. पढ़ाई शुरू नहीं हुई थी और छात्र आपस में बातचीत कर रहे थे. तभी हाथ में अवैध पिस्टल लिए नौशहरा पन्नुआं का एक छात्र क्लास में दाखिल हुआ. वो सीधा आगे की बेंच की ओर बढ़ा, जहां 20 साल की संदीप कौर अपनी सहेली के साथ बैठी थी.

आरोपी छात्र ने संदीप के पास पहुंचकर चंद सेकंड बहस की. संदीप कुछ समझ पाती, उससे पहले ही उसने पिस्टल निकाली और छात्रा के सिर से सटाकर ट्रिगर दबा दिया. गोली लगते ही संदीप लहूलुहान होकर नीचे गिरी. बगल में खड़ी सहेली अभी चीख भी नहीं पाई थी कि छात्र ने फुर्ती से पिस्टल दोबारा लोड की और अपनी कनपटी पर सटाकर खुद को भी खत्म कर लिया. क्लासरूम में दो लाशें बिछी थीं और चारों तरफ खून फैल चुका था.

क्या एकतरफा प्यार में उठाया ये कदम?

ऐसा माना जा रहा है कि एकतरफा प्यार में छात्र ने ये खौफनाक कदम उठाया. पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि वैलेंटाइन्स वीक पर कहीं छात्र ने छात्रा को प्रपोज तो नहीं किया था? फिर उसका इनकार सुनकर छात्रा ने उसे गोली मार दी? हालांकि अभी इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. फिर भी पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.

“बेटी तो हंसते हुए घर से निकली थी”

मृतका संदीप कौर के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. वो 6 बहनों और एक छोटे भाई की उम्मीद थी. उसकी मां हरजिंदर कौर का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया- मेरी बेटी सुबह अच्छे से तैयार होकर कॉलेज गई थी. मैडम का फोन आया कि चोट लगी है. यहां आई तो देखा कि वह खून से लथपथ पड़ी थी. पुलिस ने हमें लाश के पास भी नहीं जाने दिया.

कॉलेज के अंदर हथियार कैसे पहुंचा?

ACP जगबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं. सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा और हथियार को लेकर है. क्या वह पिस्टल छात्र के पिता की लाइसेंसी बंदूक थी? या छात्र ने इसे अवैध तरीके से खरीदा था? और कॉलेज गेट पर चेकिंग क्यों नहीं हुई? फिलहाल, पुलिस ने कॉलेज को सील कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कड़ियों को जोड़ा जा रहा है.

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव