उत्तराखण्ड

हरिद्वार में हवा से बातें करेंगी पॉड टैक्सी, आशा बहनों का मानदेय बढ़ा और किसानों-युवाओं को बड़ी राहत

खबर शेयर करें -

Pod taxis to zip through Haridwar; honorarium for ASHA workers increased, with major relief for farmers and the youth.

देहरादून से लेकर हरिद्वार, ऋषिकेश और पहाड़ के दूरदराज गांवों तक उत्तराखंड की धामी कैबिनेट ने आम आदमी की रोज़मर्रा की ज़िंदगी, जेब, नौकरी, सेहत और सफर से जुड़े कई अहम फैसले लिए हैं। एक तरफ जहां धर्मनगरी हरिद्वार में ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना को हरी झंडी मिली है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति हो, वन आरक्षी भर्ती में उम्र की सीमा 25 से बढ़ाकर 28 साल करना हो या फिर प्लॉट-मकान और भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में राहत , इन फैसलों का असर सीधे आम लोगों और युवाओं पर पड़ने वाला है।

नक्शेदेखें

आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह का इजाफा

गांव-गांव और गली-मोहल्लों में टीकाकरण से लेकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य अभियानों तक, आशा कार्यकत्रियां हर मौसम में सबसे आगे खड़ी दिखती हैं। कैबिनेट ने आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी का फैसला किया है। महंगाई के दौर में यह अतिरिक्त राशि उनके परिवार के घरेलू खर्चों को कुछ हद तक संभालने में मदद देगी और जमीनी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाएगी।

हरिद्वार में दौड़ेगी पॉड टैक्सी: ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना को मंजूरी

हरिद्वार की सड़कों पर भीड़भाड़ और जाम की समस्या से जूझते स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए यह बड़ी सौगात है। कैबिनेट ने हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) यानी पॉड टैक्सी ‘हरिद्वार दर्शन’ के निर्माण को मंजूरी दी है। यह एक अलग ग्रिड पर चलने वाली आधुनिक सार्वजनिक परिवहन प्रणाली होगी।

इस परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर प्रस्तावित हैं:

  • कॉरिडोर-1: सीतापुर से भारत माता मंदिर तक (लंबाई 15.58 किमी, 15 स्टेशन)।
  • कॉरिडोर-2: सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक (लंबाई 3.10 किमी, 4 स्टेशन)।
  • कॉरिडोर-3: गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक (लंबाई 2.40 किमी, 2 स्टेशन)।

कुल मिलाकर तीनों कॉरिडोर की लंबाई 21.08 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या 21 होगी। इसके निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि चाहिए, जिसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। साथ ही निर्माण सामग्री, औजार और मशीनरी के लिए प्रस्तावित पीआरटी डिपो, सीतापुर के पास 5 वर्षों के लिए 2.00 हेक्टेयर अस्थायी भूमि भी चिन्हित की गई है।

वन आरक्षी भर्ती में युवाओं को उम्र की बड़ी राहत: 25 से 28 वर्ष हुई सीमा

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह खबर राहत लेकर आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2016 (यथासंशोधित, 2018 एवं 2026) के तहत वन आरक्षी के पद पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा अभी तक 25 वर्ष थी। अब कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की वर्दीधारी सिपाही भर्ती नियमावली के अनुरूप 31 दिसंबर 2028 तक वन आरक्षी की सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। इसके लिए नियम-10 में संशोधन करते हुए ‘उत्तराखण्ड अधीनस्थ वन सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026’ को मंजूरी दी गई है। इससे उन उम्मीदवारों को अतिरिक्त मौका मिलेगा जिनकी उम्र कुछ सालों से आड़े आ रही थी।

गन्ना किसानों के समय पर भुगतान को 207.75 करोड़ की शासकीय प्रत्याभूति

पेराई सत्र शुरू होते ही गन्ना किसानों की सबसे बड़ी चिंता यही रहती है कि उनकी मेहनत की कमाई समय पर खाते में आए या नहीं। पेराई सत्र 2026-27 के लिए सहकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के वास्ते राज्य सरकार ने शासकीय प्रत्याभूति देने का फैसला किया है। बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला की चीनी मिलों के लिए कुल 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति दी जाएगी, ताकि किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित हो सके।

लैंड यूज चेंज फीस में बदलाव: प्लॉटिंग, वैध निर्माण को मिलेगी रफ्तार

शहरों और कस्बों में मकान बनाने, जमीन का सही उपयोग करने या विकास कार्य शुरू करने वालों के लिए भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क एक बड़ा मुद्दा रहा है। कैबिनेट के मुताबिक, मौजूदा शुल्क दरें व्यावहारिक न होने और स्थानीय सर्किल दरें अधिक होने के कारण लोग वैधानिक स्वीकृति लेने से बच रहे थे, जिससे अवैध और अनियोजित प्लॉटिंग-निर्माण बढ़ रहा था और महायोजना का मूल स्वरूप प्रभावित होने का खतरा था। अब नियोजित व वैध विकास को बढ़ावा देने, कारोबार सुगमता (ईओडीबी) सुधारने, स्थानीय रोजगार को गति देने, प्राधिकरण को वित्तीय संकट से उबारने और भूमि विवाद घटाने के लिए 1 अगस्त 2025 के शासनादेश के स्थान पर 06.10.2021 के शासनादेश के अनुसार भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरें लागू करने को मंजूरी दी गई है।

मकान-भवन निर्माण नियमों में शिथिलीकरण के लिए तय हुआ स्तर

पहाड़ और मैदान की अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए भवन निर्माण एवं विकास उपविधि/विनियम, 2011 के मानकों से शिथिलीकरण देने के लिए अब अलग-अलग स्तरों पर सक्षम प्राधिकारी तय किए गए हैं। भू-खंड के क्षेत्रफल और भवन के उपयोग के आधार पर वर्गीकरण कर शासनादेश में आंशिक संशोधन को मंजूरी दी गई है, ताकि लोगों के मामलों का तेजी से और समयबद्ध तरीके से निस्तारण हो सके।

ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रख-रखाव की नई नीति 2026

गांवों में पानी की टंकी, पाइपलाइन और पेयजल योजनाओं के रख-रखाव की व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुरानी नीति (2024) को बदलकर ‘उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026’ को मंजूरी दी गई है। उम्मीद है कि इससे ग्रामीण इलाकों में पेयजल आपूर्ति अधिक भरोसेमंद और टिकाऊ बनेगी।

ऋषिकेश के बापूग्राम में 594.90 एकड़ वन भूमि को डीनोटिफाई होगी

ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र में रहने वाले लोगों और वहां की जमीन से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे मामलों में यह बड़ा कदम माना जा रहा है। बापूग्राम आरक्षित वन की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन और आगे की कार्रवाई के लिए इसे डीनोटिफाई (वन भूमि की अधिसूचना से बाहर करने) के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव वन विभाग द्वारा लाया जाएगा।

उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी

केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 की धारा 154 और 156 के तहत राज्य में ‘उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026’ प्रख्यापित करने का फैसला किया गया है। इसका बड़ा मकसद संगठित और असंगठित क्षेत्र के कामगारों तक सामाजिक सुरक्षा का दायरा पहुंचाना है। अब असंगठित कर्मकारों और भवन संनिर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड बनेंगे। सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन कर असंगठित कर्मकारों को सुरक्षा दी जाएगी। यदि किसी कर्मकार के नामांकित व्यक्ति या उत्तराधिकारी नाबालिग हैं, तो नियोक्ता को उनके वयस्क होने तक ग्रेच्युटी की रकम एसबीआई या किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में सावधि जमा (FD) में रखनी होगी। कर्मकार के निधन पर अंतिम संस्कार के खर्च के लिए राशि सक्षम प्राधिकारी के पास जमा कराने का प्रावधान भी किया गया है, साथ ही नामांकन के तरीके व प्रारूप और कर्मचारी बीमा न्यायालय की संरचना व नियंत्रण से जुड़े नियम भी तय किए गए हैं।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ,सहायिकाओं के मानदेय पर सीएम लेंगे फैसला

बच्चों के पोषण और प्रारंभिक देखभाल से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत कर दिया है। इससे इन कर्मियों को जल्द ही मानदेय बढ़ोतरी की उम्मीद जगी है।

उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का अतिरिक्त पद सृजित

सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मियों के हितों से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी ढंग से देखने के लिए उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का 01 अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय लिया गया है।

पीजी मेडिकल छात्रों के लिए दो साल की राजकीय सेवा अनिवार्य

पहाड़ी और दुर्गम इलाकों के अस्पतालों में विशेषज्ञ और सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए कैबिनेट ने बड़ा कदम उठाया है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट) कोर्स करने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा बॉण्ड को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पीजी पूरा करने के बाद चिकित्सकों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के दुर्गम/पर्वतीय अस्पतालों में 2 साल की अनिवार्य राजकीय सेवा देनी होगी।

ईएसआई फार्मासिस्ट भर्ती में डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा भी शामिल

कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई), उत्तराखंड में फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में बदलाव किया गया है। ‘उत्तराखण्ड कर्मचारी राज्य बीमा योजना फार्मासिस्ट संवर्ग (एलोपैथिक) सेवा नियमावली, 2021’ के नियम-8 में संशोधन करते हुए अब डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा को भी शामिल किया गया है। इससे फार्मेसी की डिग्री वाले युवाओं को सरकारी भर्ती में आवेदन का अवसर मिलेगा।

एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन संवर्ग की भर्ती और नियुक्त कर्मचारियों की सेवा शर्तों को व्यवस्थित व विनियमित करने के लिए ‘उत्तराखण्ड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026’ को मंजूरी दी गई है।

सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े एक प्रकरण में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक (प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग) डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ प्रदान करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगाई है।

राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली के लिए कैबिनेट सब कमेटी

राजस्व विभाग में पटवारी/लेखपाल से पदोन्नति और ढांचे के एकीकरण से जुड़ा विषय लंबे समय से चर्चा में रहा है। राजस्व निरीक्षक (सुपरवाइजर कानूनगो) और रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों पर पोषक संवर्ग (पटवारी/लेखपाल) से वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति तथा पूर्ववर्ती उत्तर प्रदेश की तरह पदों को एकीकृत कर मौलिक नियुक्ति की वरिष्ठता से नायब तहसीलदार/सहायक भूलेख अधिकारी के पदों पर पदोन्नति की व्यवस्था के लिए ‘उत्तराखण्ड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक (राजस्व निरीक्षक) सेवा नियमावली’ बनाने हेतु मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।

डीएमएफ शुल्क अब 10%, क्षतिपूर्ति शुल्क 15%,बढ़ी रॉयल्टी दरें स्थगित

खनन क्षेत्र से जुड़े शुल्क ढांचे में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास (DMF) शुल्क को भारत सरकार के अनुरूप 15 प्रतिशत के बजाय 10 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि इसके 5 प्रतिशत हिस्से को क्षतिपूर्ति शुल्क में जोड़कर क्षतिपूर्ति शुल्क को 10 प्रतिशत के बजाय 15 प्रतिशत किया गया है। साथ ही, पहले बढ़ाई गई रॉयल्टी की दरें स्थगित रहेंगी।

आबकारी विभाग में 11 नए पद: 7 परिक्षेत्रों का पुनर्गठन

अवैध शराब पर पूरी तरह रोक लगाने, राजस्व संग्रहण बढ़ाने और कामकाज को सुचारू करने के लिए आबकारी विभाग के मौजूदा 02 परिक्षेत्रों को बढ़ाकर 07 परिक्षेत्रों में पुनर्गठित किया गया है। हर परिक्षेत्र में 01-01 उप आबकारी आयुक्त का पद तय करते हुए उप आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-11) के 05 नए पद और राज्य की डिस्टलरीज/ब्रूवरीज के लिए सहायक आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-10) के 06 नए पद—कुल 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है।

पार्किंग व निर्माण कार्यों में देरी पर एनएचआईडीसीएल सूची से बाहर

सरकारी निर्माण कार्यों में सुस्ती पर सख्त रुख अपनाते हुए कैबिनेट ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) को विविध निर्माण कार्यों के सूचीबद्ध पैनल से हटाने का फैसला लिया है। आवास विभाग के पांच जिलों में ऑटोमेटेड/मैकेनाइज्ड/टनल पार्किंग से जुड़े कामों में रुचि न दिखाने और पैसा जारी होने के बावजूद लंबे समय तक काम शुरू न करने के कारण यह कार्रवाई की गई है।

पांचवीं विधानसभा के 2026 के तृतीय सत्र के सत्रावसान की संस्तुति

संवैधानिक व विधायी प्रक्रिया के तहत कैबिनेट ने उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की संस्तुति प्रदान की है।

नक्शेदेखें

सेतु आयोग के संगठनात्मक ढांचे और आईटी सेवा नियमावली को मंजूरी

नियोजन विभाग के तहत सेतु आयोग, उत्तराखंड के संगठनात्मक ढांचे को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही तकनीकी और अन्य कार्यों के बेहतर संचालन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कर्मचारियों की सेवा शर्तों को नियमित करने हेतु ‘उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026’ को मंजूरी मिली है।

लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली में ‘सेवा’ के स्थान पर ‘सेना’

‘उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019’ के हिंदी और अंग्रेजी संस्करण में अधिमानी अर्हता को लेकर जो अंतर था, उसे दूर करने के लिए धारा-9 के भाग (1) में ‘प्रादेशिक सेवा’ की जगह ‘प्रादेशिक सेना’ किया जाएगा। इससे भविष्य में सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी (पे मैट्रिक्स लेवल-10) की सीधी भर्ती के प्रस्ताव में कोई तकनीकी अड़चन नहीं आएगी।

महाधिवक्ता कार्यालय के कर्मचारियों की सेवा नियमावली में संशोधन

‘उत्तराखण्ड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान (कर्मचारियों की सेवा) नियमावली, 2013’ में आगे संशोधन करते हुए ‘उत्तराखण्ड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान (कर्मचारियों की सेवा) (संशोधन) नियमावली, 2026’ को प्रख्यापित करने का निर्णय लिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव