
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर एम०बी०पी०जी० डिग्री कॉलेज, हल्द्वानी के सभागार में तहसील प्रशासन हल्द्वानी द्वारा राज्य आन्दोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आन्दोलनकारियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें नवीन डिजिटल पहचान पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के ऐतिहासिक संघर्ष एवं राज्य आन्दोलनकारियों के अमूल्य योगदान का स्मरण किया गया। साथ ही राज्य आन्दोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में अध्यक्ष, राज्य निर्माण आन्दोलनकारी सम्मान परिषद (दर्जा राज्यमंत्री) श्री हुकम सिंह कुंवर, अध्यक्ष उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड (दर्जा राज्यमंत्री) डॉ० अनिल कपूर डब्बू, उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय खेल परिषद (दर्जा राज्यमंत्री) श्री मोहन पाठक, उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय जलागम परिषद (दर्जा राज्यमंत्री) श्री शंकर कोरंगा, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी श्री ए०पी० बाजपेयी, नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी सुश्री मोनिका एवं तहसीलदार हल्द्वानी श्री कुलदीप पाण्डे सहित राज्य आन्दोलनकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समस्त गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं राज्य आन्दोलनकारियों द्वारा उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के अमर शहीदों की स्मृति में मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसके उपरान्त कार्यक्रम का समापन किया गया।




