
हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में अवैध देह व्यापार के मामले का खुलासा हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने एक होटल में छापेमारी कर एक महिला और दो पुरुषों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया है। साथ ही मौके से दो पीड़ित महिलाओं को भी सकुशल बरामद किया है, जिन्हें कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेला गया था।
हरिद्वार के होटल में चल रहा था सेक्स रैकेट
पुलिस के अनुसार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना मिली थी कि सिडकुल क्षेत्र स्थित एक होटल में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में एएचटीयू और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके से एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया।
महिलाओं से जबरन कराया जा रहा देह व्यापर
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने होटल से दो पीड़ित महिलाओं को भी सकुशल बरामद किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन महिलाओं से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर सिडकुल थाने पहुंचाया और मामले में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला ने बताया कि देह व्यापार की सूचना पर संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की थी। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बरामद किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि होटल में अवैध गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं



