
नैनीताल। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने दीपावली पर्व से पहले विद्युत वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बिजली लाइनों के रखरखाव और जरूरी मरम्मत कार्यों का शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत नैनीताल क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अक्टूबर और नवंबर माह में निर्धारित तिथियों पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
विद्युत विभाग के अनुसार, 13 अक्टूबर को 33/11 केवी उपसंस्थान रामगढ़ से जुड़े क्षेत्रों में कार्य किया जाएगा। इसके बाद 15, 16, 21, 22, 23, 26, 27 और 29 अक्टूबर को भी अलग-अलग विद्युत उपसंस्थानों से जुड़े क्षेत्रों में मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य प्रस्तावित हैं। नवंबर में 1 और 3 तारीख को भी बिजली लाइनों पर आवश्यक कार्य किए जाएंगे
विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, कुछ निर्धारित तिथियों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक, यानी कुल पांच घंटे बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले बिजली से संबंधित जरूरी कार्य निपटा लें और सहयोग बनाए रखें।
यूपीसीएल का कहना है कि विद्युत लाइनों और उपकरणों के अनुरक्षण से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुचारु और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।


