हरिद्वार/रुड़की- हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में शनिवार सुबह डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। झबरेड़ी कला गांव में एक युवक ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के शक में पहले पड़ोसी युवक को गोली मार दी और इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। दोनों की मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक की पहचान अमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोसी युवक मुन्ना और सूरज से प्रेम प्रसंग होने का शक था। इसी बात को लेकर परिवार और पड़ोसी पक्ष के बीच करीब एक साल पहले भी विवाद हुआ था। शनिवार सुबह पुरानी रंजिश और इसी शक को लेकर एक बार फिर विवाद बढ़ गया।

पहले पड़ोसी युवक को मारी गोली
आरोप है कि अमन तमंचा लेकर पड़ोसी मुन्ना के घर पहुंचा और उस पर गोली चला दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मुन्ना को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर पहुंचकर बहन को भी गोली मारी
मुन्ना को गोली मारने के बाद आरोपी अमन अपने घर पहुंचा। आरोप है कि यहां उसने अपनी बहन रूपा पर भी तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने के बाद परिजन रूपा को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक के बाद एक हुई दो हत्याओं से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
दो हत्याओं के बाद गांव में पुलिस तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक, आरोपी अमन की तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे के स्रोत की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है


