उत्तराखण्ड

सावधान: 10 अगस्त को देहरादून समेत इन जिलों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

खबर शेयर करें -

Uttarakhand Weather Update uttarakhand mausam

उत्तराखंड में 10 अगस्त को मौसम के तेवर बदले-बदले रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों की माने तो उत्तराखंड में आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता के चलते कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना है।

10 अगस्त को उत्तराखंड का मौसम अपडेट

मौसम विभाग की ओर से जारी किए पूर्वानुमान के अनुसार 10 अगस्त को राजधानी देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। साथ ही अन्य जनपदों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना बनी रहेगी। वैज्ञानिकों ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

24 घंटे अलर्ट रहने के दिए निर्देश

मौजूदा मौसम को देखते हुए, आपदा प्रबंधन और पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों को ज़रूरी सावधानी बरतने और 24 घंटे अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को ज़रूरी संसाधन और उपकरण उपलब्ध कराने और रास्ते बंद होने की स्थिति में उन्हें तुरंत साफ करने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

आपदा प्रबंधन और पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे इस दौरान अपने मोबाइल फोन बंद न रखें, ज़रूरी सुरक्षा उपकरण साथ रखें और आपदा से जुड़ी कोई भी जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) को दें।

अनचाही यात्रा से बचने की दी सलाह

आपदा प्रबंधन और पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं। उन्होंने भारी बारिश के दौरान नदियों, नालों, घाटियों और मौसमी जल-धाराओं के पास न जाने की सलाह दी और लोगों से जलमग्न इलाकों या कमजोर पुलों को पार करने की कोशिश न करने का आग्रह किया। उन्होंने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले रास्तों पर सावधानी बरतने पर की सलाह दी है। साथ ही खराब मौसम के दौरान यात्रा टालने के की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव