
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो फेसबुक से हटाने का मामला काफी चर्चाओं में बना हुआ है। इसी को लेकर अब मेटा प्रमुख मार्क जुकरबर्ग से संसदीय समिति ने 3 दिन के अंदर बिना शर्त माफी मांगने को कहा है। अगर ऐसा नहीं होता है तो भारत में मेटा को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा और छूट वापस लेने पर विचार किया जाएगा।
आईटी मंत्रालय और मेटा के अधिकारियों के बीच बैठक
दरअसल पीएम मोदी का वीडियो फेसबुक से हटाने के मामले को लेकर आईटी मंत्रालय और मेटा के अधिकारियों के बीच दो दिन की बैठक चल रही है। मेटा की ग्लोबल टीम को सरकार ने दिल्ली बुलाया है। आज यानी पांच अगस्त को इस बैठक का पहला दिन था।
पीएम मोदी की वीडियो फेसबुस से हटाई गई
ये पूरा मामला पीएम मोदी के 23 जुलाई वाले पोस्ट को लेकर है। इस दिन उन्होंने पेपर लीक वाले मामले को लेकर छात्रों के लिए एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने पेपर लीक को लेकर जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की बात कही थी।
23 जुलाई को पीएम ने वीडियो मैसेज किया था पोस्ट
23 जुलाई की रात 12 बजे पोस्ट किए गए 2.56 मिनट के वीडियो मैसेज में मोदी ने कहा, “पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों छात्रों, उनके माता-पिता के लिए पीड़ादायक है। इसलिए पेपर लीक से अब तक, पिछले ढाई महीनों में कई कदम उठाए हैं। गुनहगारों को पकड़ा है, वे जेल में हैं। हमारी जिम्मेदारी थी कि छात्रों का साल बर्बाद न हो, इसलिए कम समय में 22 लाख छात्रों का एग्जाम कराया। 19 जुलाई को रिजल्ट भी आ गया।”
वीडियो भारत में उपलब्ध नहीं
कुछ ही समय बाद इस वीडियो को फेसबुक द्वारा हटा दिया गया था। वीडियो में लिखा आ रहा था कि ये वीडियो भारत में उपलब्ध नहीं है। हालांकि बाद में मेटा ने इसे फेसबुक पर रिकवर कर लिया था।
भौगोलिकसंदर्भ
रिकवर हुई वीडियो, मेटा ने मांगी माफी
उन्होंने कहा कि ये पोस्ट गलती से हट गई थी। इसकी वजह उन्होंने तकनीकी गड़बड़ी बताई। ये भी साफ किया कि ये जानबूझकर की गई कार्रवाई नहीं थी। मेटा ने इसको लेकर माफी भी मांगी। हालांकि आईटी मंत्रालय ने कंपनी की सफाई को संतोषजनक नहीं माना।
मीटिंग में और भी कई मुद्दों पर जवाब
आईटी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन से मेटा के चीफ ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर जोएल कापलान की अगुआई में एक हाई लेवल कमेटी ने मुलाकात की। पीएम मोदी की पोस्ट के मुद्दे के अलावा मंत्रालय मेटा से वॉट्सऐप की नई यूजरनेम पॉलिसी और इंस्टाग्राम पर बच्चों से जुड़े यौन शोषण वाले कंटेंट पर भी जवाब मांगेगा।

