उत्तराखण्ड

चंपावत के लिए सीएम धामी ने खोल दी विकास की पोटली, 124 करोड़ की इन 17 विकास परियोजनाओं की सौगात

खबर शेयर करें -

चंपावत – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 124 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन का शुभारंभ किया तथा रोडवेज स्टेशन परिसर में 62.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन किया।

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि और परिवार है। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है, जिससे जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही 50 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट, जिम कॉर्बेट ट्रेल सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं टनकपुर में मीडिया सेंटर एवं गेस्ट हाउस, विभिन्न सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य, भूमियादेव मंदिर सौंदर्यीकरण तथा नगर पालिका विकास कार्यों सहित कई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि चंपावत के दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव रखना है। उन्होंने कहा कि भूमिगत विद्युत लाइन, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

इन योजनाओं के लोकार्पण हुए –
अमोड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र-2.18 करोड़
नरियालगांव पशु प्रजनन क्षेत्र में विकास कार्य- 6.59 करोड़
टनकपुर में सुभाष चंद्र बोस छात्रावास निर्माण- 3.20 करोड़
पाटी तहसील में आवासीय भवन- 3.29 करोड़
झालाकुड़ी लिफ्ट सिंचाई योजना- 1.64 करोड़
पड़ंगा में लिफ्ट सिंचाई योजना- 1.38 करोड़
चम्पावत में एमआईआर और 50 बेड के क्रिटिकल यूनिट- छह करोड़
चम्पावत में जिम कार्बेट ट्रेल- 3.49 करोड़

इन योजनाओं के हुए शिलान्यास –
टनकपुर में मीडिया सेंटर व गेस्ट हाउस निर्माण- 14.24 करोड़
खेतीखान सड़क से भागेश्वर मंदिर सड़क निर्माण-60.81 लाख
तामली सड़क से कमैला-कांडा सड़क निर्माण- 1.37 करोड़
तामली सड़क से कठाड़-सिमल्टा सड़क निर्माण- 1.60 करोड़
रमैला-दमतौला सड़क में डामर- 2.62 करोड़
रोडवेज स्टेशन में सिटी सेंटर निर्माण- 62.33 करोड़
चल्थी-नौलापानी सड़क सुधारीकरण- 7.54 करोड़
तामली के भूमियादेव मंदिर सौंदर्यीकरण- 84.14 लाख
चम्पावत पालिका में विकास कार्य- 4.82 करोड़

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव