उत्तराखण्ड

उत्तराखंड- यहां मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, मौके से फरार हुआ चालक; परिवार का इकलौता सहारा था मृतक

खबर शेयर करें -

ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक घायल युवक को सड़क पर तड़पता छोड़ वाहन समेत फरार हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के बगवाड़ा भट्ठा निवासी 25 वर्षीय दीपक साहनी रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। टहलते हुए वह रुद्रपुर-किच्छा रोड स्थित बगवाड़ा मंडी गेट के सामने पहुंचे। इसी दौरान सड़क पार करते समय रुद्रपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी घायल दीपक को सड़क पर ही छोड़कर भाग निकला। दीपक की चीखें सुनकर आसपास मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना देने के साथ ही घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए हाईवे और बगवाड़ा मंडी गेट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि दीपक साहनी परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। दीपक रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में टाइल्स लगाने का काम करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव