हल्द्वानी। शहर में शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में अमेज़ॉन के गोदाम में लगी भीषण आग ने दो कर्मचारियों की जान ले ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।पुलिस के अनुसार रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि शीतल होटल के सामने स्थित अमेज़ॉन गोदाम में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।गोदाम में आग विकराल रूप ले चुकी थी। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।आग बुझने के बाद गोदाम के भीतर कार्यरत दो कर्मचारियों के गंभीर रूप से झुलसने और धुएं के कारण दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद निवासी बागजाला, गोलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है और संबंधित विभाग घटना के कारणों की पड़ताल कर रहे हैं।हालांकि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य है, लेकिन इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।


