उत्तराखण्ड

हल्द्वानी- नशे के कारोबार पर बड़ा वार: 1.85 करोड़ की स्मैक बरामद, दो तस्कर दबोचे

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और कोतवाली काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई यह कार्रवाई जनपद में वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार तथा एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन एवं प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने काठगोदाम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी गजब सिंह और सीताराम के रूप में हुई है। गजब सिंह के कब्जे से 311 ग्राम तथा सीताराम के कब्जे से 307 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे और काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रवि नामक व्यक्ति को यह खेप सौंपने की योजना थी। इसके बाद दोनों आरोपी मुक्तेश्वर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जाने वाले थे। पुलिस अब स्मैक सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गजब सिंह का राजस्थान में आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी सीताराम के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। नैनीताल पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में 35 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने विभिन्न अभियानों में स्मैक, चरस, गांजा, डोडा और नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप बरामद कर नशा कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव