
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करते हुए जेलों के भीतर टीबी की पहचान और रोकथाम के लिए एक नई पहल की शुरुआत की गई है। उप कारागार हल्द्वानी में हैंडहेल्ड डिजिटल चेस्ट एक्स-रे के माध्यम से कैदियों की टीबी जांच कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ, जिससे अब बंदीगृहों में भी आधुनिक तकनीक के जरिए त्वरित और सटीक जांच संभव हो सकेगी। इस कार्यक्रम का संचालन जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से किया जा रहा है, जिसमें जिला क्षय रोग विभाग, उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति और अन्य सहयोगी संस्थाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक प्रमोद कुमार, जेलर अमित कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश ढकरियाल सहित कई अधिकारियों और विशेषज्ञों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल को टीबी उन्मूलन की दिशा में अहम कदम बताया। ग्लोबल फंड के GC-7 प्रोग्राम के तहत शुरू किए गए इस अभियान में अत्याधुनिक हैंडहेल्ड डिजिटल एक्स-रे मशीनों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है, जिससे टीबी के संदिग्ध मामलों की तेजी से पहचान हो सकेगी।
