उत्तराखण्ड

गौकशी की तैयारी कर रहे तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने पर दबोचा…

खबर शेयर करें -

पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, बछड़े समेत गौकशी के औजार और अवैध तमंचा बरामद

हरिद्वार। गौकशी और गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भगवानपुर क्षेत्र में गौकशी की तैयारी कर रहे एक वांछित गोतस्कर की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को कोतवाली भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि गौकशी के मामले में वांछित छोटू उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाले मार्ग के सामने आम के बाग में गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाग में कांबिंग शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। कुछ देर बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मौके से एक .315 बोर का देशी तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए।
मौके से एक जीवित बछड़े के अलावा गौकशी में इस्तेमाल होने वाली लोहे की कुल्हाड़ी, दो छुरी, लकड़ी का गुटका, मांस पैकिंग में प्रयुक्त काले और हरे रंग की प्लास्टिक पन्नियां तथा दो सफेद प्लास्टिक के कट्टे भी बरामद हुए। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में धारा 109(1) बीएनएस, आयुध अधिनियम की धारा 3/25 और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से भी बुग्गावाला और भगवानपुर थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव