
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार से सवाल पूछे हैं।
नक्शेदेखें
रेखा आर्या प्रकरण में हरीश रावत का CM से सवाल
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से सवाल किये हैं। हरदा ने कहा कि सवाल 22 साल साथ रहने का नहीं, बल्कि मंत्री से जुड़ी 210 करोड़ की कथित संपत्ति के आरोपों की सच्चाई सामने आने का है। उन्होंने सीएम से इन आरोपों और बरेली स्थित फार्म हाउस को लेकर सामने आई खबरों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेखा आर्या प्रकरण पर टिप्पणी करते हुए सवाल उठाया था कि यदि दोनों 22 साल से साथ रह रहे थे, तो इतने समय तक आरोप क्यों नहीं लगाए गए।
’22 साल का नहीं, 210 करोड़ की संपत्ति का सवाल है’
हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि मुद्दा 22 या 32 साल का नहीं है। राज्य के लोगों का सवाल यह है कि रेखा आर्या से जुड़ी 210 करोड़ की संपत्ति को लेकर लगाए गए आरोप सही हैं या नहीं। उन्होंने सीएम धामी से सीधे सवाल करते हुए कहा कि राज्य की जनता को यह बताया जाना चाहिए कि इतनी बड़ी संपत्ति को लेकर सामने आए दावों में कितनी सच्चाई है।
समाचारपढ़ें
बरेली के फार्म हाउस को लेकर भी उठाए सवाल
हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में बरेली से प्रकाशित खबरों का हवाला देते हुए एक विशाल फार्म हाउस का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि मीडिया रिपोर्टों में फार्म हाउस के भीतर बिना नक्शा स्वीकृत कराए बनी बड़ी कोठी और भव्य गेस्ट हाउस का उल्लेख किया गया है। उन्होंने सीएम से पूछा कि 210 करोड़ से अधिक की कथित संपत्ति और इस फार्म हाउस को लेकर सामने आ रही खबरें सही हैं या गलत।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने मारपीट, उत्पीड़न और अन्य गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद गिरधारी लाल साहू ने पलटवार करते हुए रेखा आर्या पर 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया। रेखा आर्या ने इन आरोपों को निराधार बताया है और जांच के लिए तैयार होने की बात कही है।
मुख्यमंत्री से जवाब की प्रतीक्षा: हरदा
हरीश रावत ने अपनी पोस्ट के अंत में कहा कि राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को मुख्यमंत्री धामी से इस मामले में जवाब सुनने की प्रतीक्षा है। उनके सवालों के केंद्र में 210 करोड़ की कथित संपत्ति, बरेली का फार्म हाउस और उससे जुड़ी मीडिया रिपोर्टें हैं



