
देहरादून – अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस 22 अक्टूबर से उत्तराखंड न्याय यात्रा शुरू करेगी। प्रदेश कांग्रेस ने यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा चार अलग-अलग दलों में विभिन्न क्षेत्रों से निकाली जाएगी। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और विधायक शामिल होंगे। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क कर इन मुद्दों को उठाएंगे।
कांग्रेस की न्याय यात्रा के तहत कुमाऊं में अल्मोड़ा स्थित गोलज्यू मंदिर और गढ़वाल में बदरीनाथ धाम से यात्रा की शुरुआत होगी। इसके अलावा देहरादून और हरिद्वार में भी अलग-अलग दल जनसंपर्क करेंगे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि के अनुसार, यात्रा में पार्टी के सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
गोलज्यू मंदिर से शुरू होगी कुमाऊं की यात्रा –
कुमाऊं में न्याय यात्रा के पहले दल का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल के कांग्रेस प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ करेंगे। 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा के गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा शुरू होगी। यह दल रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा।23 अक्टूबर को यात्रा लालकुआं, किच्छा, सितारगंज और नानकमत्ता होते हुए खटीमा से रुद्रपुर पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर में जनसंपर्क किया जाएगा। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस दल की यात्रा का समापन होगा।
बदरीनाथ धाम से निकलेगा दूसरा दल
गढ़वाल क्षेत्र में यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत सिंह बुटोला करेंगे। 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा जोशीमठ, पीपलकोटी और चमोली पहुंचेगी। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग में जनसंपर्क किया जाएगा। 24 अक्टूबर को सतपुली, दुगड्डा और कोटद्वार में कार्यक्रम होंगे, जबकि 25 अक्टूबर को लैंसडौन और बीरोंखाल में यात्रा निकाली जाएगी। 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी को लेकर बैठक होगी।
देहरादून और मसूरी में भी होंगे कार्यक्रम –
तीसरे दल का नेतृत्व चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला करेंगे। 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी में यात्रा निकाली जाएगी। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर, जबकि 24 अक्टूबर को त्यूनी में जनसंपर्क होगा। 25 अक्टूबर को देहरादून कैंट और धर्मपुर तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र में शामिल होंगे।
हरिद्वार जिले में भी चलेगा जनसंपर्क अभियान –
चौथे दल का नेतृत्व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और विधायक काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, अनुपमा रावत और वीरेंद्र कुमार जाति करेंगे। यह दल 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से यात्रा शुरू करेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क करेगा। 24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर और झबरेड़ा, जबकि 25 अक्टूबर को भगवानपुर, रुड़की और मंगलौर में कार्यक्रम होंगे। 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर में यात्रा के कार्यक्रमों के साथ इस अभियान का समापन होगा।कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, न्याय यात्रा के जरिए अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग के साथ प्रदेश के अन्य जनहित के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद कर सरकार को घेरने की रणनीति के तहत काम करेंगे।



