उत्तराखण्ड

हल्द्वानी:-स्टाइपेंड की मांग को लेकर एलाइड हेल्थ केयर इंटर्न हड़ताल पर..

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। छात्रों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से लगातार स्टाइपेंड की मांग को लेकर शासन-प्रशासन और माननीय मुख्यमंत्री से अपनी बात रखने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

छात्रों के अनुसार, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के सत्र 2022, 2023, 2024 और 2025 के छात्र-छात्राएं इंटर्नशिप कर चुके हैं/कर रहे हैं, लेकिन उन्हें इंटर्नशिप के दौरान किसी प्रकार का मासिक मानदेय/स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है।

छात्रों ने बताया कि पूर्व में वर्ष 2005 से पहले पैरामेडिकल विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान मानदेय दिए जाने का प्रावधान था। वर्ष 2020 में पैरामेडिकल/एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन का पाठ्यक्रम दोबारा संचालित होने के बाद इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों को स्टाइपेंड नहीं मिलने का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा है।

₹15,000 मासिक स्टाइपेंड की प्रमुख मांग
हड़ताल पर बैठे छात्रों की प्रमुख मांग है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें कम से कम ₹15,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाए। छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पताल में नियमित रूप से सेवाएं देते हैं और व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं।

ऐसे में बिना किसी मानदेय के कार्य करना उनके लिए आर्थिक रूप से कठिन है। छात्रों ने कहा कि उन्होंने अपनी मांग को लेकर मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों तक कई बार अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन सुनवाई नहीं होने के कारण अब उन्हें मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।
छात्रों ने सरकार से मांग की है कि एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के इंटर्न छात्रों के लिए ₹15,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड की व्यवस्था तत्काल लागू की जाए तथा शासनादेश जारी कर इसे प्रभावी किया जाए।

छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पर सरकार की ओर से सकारात्मक एवं ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रह सकता है। हड़ताल पर बैठे छात्रों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि उनकी मांग पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए इंटर्नशिप के दौरान उचित स्टाइपेंड देने का निर्णय लिया जाए।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव