
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी और हैपिडा स्काईनैक्स के संस्थापक रवि टम्टा के उड़ने वाले वाहन के प्रोटोटाइप को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का समर्थन मिला है। नई दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान रवि टम्टा ने केंद्रीय मंत्री को अपने प्रोजेक्ट की तकनीक और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

नितिन गडकरी ने इस परियोजना को भारत में व्यक्तिगत हवाई परिवहन की दिशा में एक नई और संभावनाशील अवधारणा बताया। उन्होंने प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक तकनीकी सहायता, मार्गदर्शन और संभावित वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
सड़क से आसमान तक व्यक्तिगत परिवहन की नई पहल
हैपिडा स्काईनैक्स का उद्देश्य पारंपरिक सड़क परिवहन से आगे बढ़ते हुए व्यक्तिगत हवाई परिवहन की नई संभावनाओं को विकसित करना है। रवि टम्टा द्वारा तैयार किए जा रहे उड़ने वाले वाहन के प्रोटोटाइप को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयोग माना जा रहा है।
रवि टम्टा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का मार्गदर्शन और सहयोग परियोजना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने देशवासियों से भी इस स्वदेशी तकनीकी पहल के लिए सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन जारी रखने की अपील की।
मुलाकात के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।
रवि टम्टा को मिले इस समर्थन के बाद अब हैपिडा स्काईनैक्स के उड़ने वाले वाहन के प्रोटोटाइप के तकनीकी विकास और आगे की संभावनाओं को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

