



हल्द्वानी: आगामी मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव के खतरे को देखते हुए हल्द्वानी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को उपजिलाधिकारी हल्द्वानी, तहसीलदार हल्द्वानी तथा राजस्व उप निरीक्षक काठगोदाम ने रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला एवं गोला नदी के आसपास स्थित संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने बाढ़ और जलभराव से प्रभावित हो सकने वाले लगभग 150 भवनों एवं संरचनाओं को चिन्हित किया। इन क्षेत्रों में रहने वाले करीब 150 परिवारों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई कि मानसून के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
प्रशासन ने नोटिस के माध्यम से सभी परिवारों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर बिना देर किए सुरक्षित स्थानों पर चले जाएँ। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नदी और नालों के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि मानसून के पूरे सीजन में संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की आवश्यक तैयारियाँ पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। इससे किसी भी संभावित आपदा के दौरान जन-धन की हानि को कम किया जा सकेगा।


