
उत्तराखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के पुलिस थानों को बम धमाकों की धमकी मिली है। पुलिस ने इस मामले में नगर कोतवाली में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के थानों को मिली बम से उड़ाने की धमकी
मामले को लेकर उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवि ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि 22 जून 2026 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऐसी पोस्ट प्रसारित की गई, जिसमें उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम धमाकों से उड़ाने जैसी धमकी दी गई थी।
हरियाणा के रहने वाले शख्स ने किया था पोस्ट
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वो पोस्ट जसप्रीत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी अंबाला, हरियाणा ने किया है। पुलिस को यह भी आशंका है कि इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आया कि इंस्टाग्राम आईडी jaspreet.devil (प्राइवेट/लॉक्ड अकाउंट) पर कथित रूप से पोस्ट किया गया था।
सोशल मीडिया पर मिली धमकी
पुलिस के अनुसार, इस पोस्ट को बाद में X और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी साझा किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पोस्ट में लिखा था “Main Uttarakhand police ko challenge karta hun, jitne Uttarakhand mein thane hain main dhamaka honge 25 June 2026 ko.”
मामले की जांच जारी
मामले को लेकर देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 353, 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66F के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है

