उत्तराखण्ड

देहरादून में MDDA की बड़ी कार्रवाई, कुल्हान और चन्द्रवनी में 4 अवैध भवन सील

खबर शेयर करें -

 

BANSHIDHAR TIWARI

राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) का अभियान लगातार जारी है। प्राधिकरण ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्हान और चन्द्रवनी क्षेत्र में निर्माणाधीन चार अवैध भवनों को सील कर दिया। इनमें बहुमंजिला फ्लैट और डुप्लैक्स भवन शामिल हैं, जिनका निर्माण बिना स्वीकृति और निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा था।

MDDA ने सील किए 4 अवैध भवन

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम द्वारा क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान कई निर्माण कार्य विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित भवनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार कुल्हान क्षेत्र के नागल हटनाल में निर्माणाधीन दो बहुमंजिला भवनों में विकसित किए जा रहे फ्लैटों को सील किया गया। वहीं चन्द्रवनी रोड स्थित द्वारिका पुरी क्षेत्र में निर्माणाधीन दो डुप्लैक्स भवनों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

निर्माण स्थलों पर चल रही गतिविधियों को करवाया बंद

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भवन स्वामियों द्वारा निर्माण कार्य के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त नहीं की गई थीं। इसके अलावा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप भी नहीं पाया गया, जिसके चलते कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सभी निर्माण स्थलों पर चल रही गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। साथ ही भवन स्वामियों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान: तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति, भूमि उपयोग नियमों के उल्लंघन और अवैध कॉलोनियों के विकास के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां और स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील भी की।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव