भीमताल- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 को माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के भीमताल प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 3000 बोगनवेलिया पौधों का रोपण किया जाएगा। यह पहल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता एवं हरित वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करेगी।निरीक्षण के दौरान श्री पांडे ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को पौधारोपण की सभी तैयारियां निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा पौधों की गुणवत्ता एवं उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधारोपण स्थल, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा सके।


