उत्तराखण्ड

उत्तराखंड – हाथ के टैटू से हुआ ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा..क्षेत्र पंचायत सदस्य गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड – जनपद चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में एक माह पूर्व अलकनंदा नदी किनारे मिले अज्ञात शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक के हाथ पर बने टैटू ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने हत्या के आरोप में क्षेत्र पंचायत सदस्य को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 मार्च को लंगासू क्षेत्र में चण्डिका माता मंदिर के नीचे अलकनंदा नदी किनारे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव के हाथ-पैर प्लास्टिक की रस्सी से बंधे हुए थे, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। मृतक के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में ‘SOORAJ PUROHIT’ लिखा हुआ था, लेकिन कोई दस्तावेज न मिलने से पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने फिंगरप्रिंट लेकर जांच शुरू की और 72 घंटे बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जांच के दौरान हाथ पर बने टैटू को आधार बनाकर पुलिस ने ‘पुरोहित’ उपनाम वाले लोगों की तलाश शुरू की। इसी बीच 23 मार्च को सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों के आधार पर मृतक की पत्नी मंजू देवी ने शव की पहचान अपने पति सूरज पुरोहित के रूप में की, जो 15 फरवरी से लापता था। 24 मार्च को परिजनों की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि मृतक नंदप्रयाग स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था और स्थानीय ढाबे में काम करता था। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति शव को कार की डिग्गी में ले जाते हुए दिखाई दिया।