
कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद अब रुद्रप्रयाग में सिखों का हंगामा देखने को मिला है। बीते शनिवार को नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों ने हंगामा काटा जो आज भी जारी है। बता दें सिखों में 16 जून को कर्णप्रयाग में हुई घटना को लेकर नाराजगी है।
निहंगों ने नगरासू गुरुद्वारे में किया हंगामा
आरोप है कि शनिवार को कुछ निहंग श्रद्धालु नगरासू गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और पारंपरिक शस्त्रों का प्रदर्शन करने लगे। निहंग सिखों पर गुरुद्वारे पर कब्जा का भी आरोप लगा है। बीते 24 घंटे से निहंग सिख तीर्थयात्री गुरुद्वारे में डटे हुए हैं। वहीं, एक 55 वर्षीय सिख यात्री के कथित अपहरण की सूचना से चिंता और बढ़ गई है।
निहंगों को गुरुद्वारे से बाहर निकालने की कोशिश जारी
रुद्रप्रयाग एसपी निहारिका तोमर और डीएम विशाल मिश्रा मौके पर मौजूद हैं। पुलिस और ITBP की टीमें निहंगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटी हुई है, लेकिन वे बाहर आने को तैयार नहीं है। स्थिति को संभालने के लिए क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बाधित की गई है। गुरुद्वारे में हो रहे हंगामे के बीच लंगर धाम साहेब में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सुरक्षा हाई अलर्ट मोड पर एजेंसियां
जिले के अधिकारियों का कहना है कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे लगभग एक दर्जन लोग गुरूद्वारे में घुस गए थे। जिन्होंने शाम को गुरुद्वारे की लाइटें बंद कर दी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, गुरुद्वारे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या है निहंगों की मांग
निहंग सिख यात्रियों का कहना है कि कर्णप्रयाग में हुई घटना के बाद गिरफ्तार किए गए निहंग सिखों को रिहा किया जाए। अगर उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो वो देशभर से बड़ी संख्या में निहंग सिख उत्तराखंड पहुंचेंगे और प्रदर्शन करेंगे


