जनपद में अग्नि सुरक्षा एवं जनसुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में प्रशासन, अग्निशमन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।निरीक्षण के दौरान गोलापार स्थित एन.एच. मार्ट, रुकैया ट्रेडिंग कम्पनी, शनि बाजार स्थित मेडी सेंटर हॉस्पिटल तथा रामपुर रोड स्थित रूद्रा ट्रेडर्स का स्थलीय निरीक्षण किया गया। टीम ने प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म प्रणाली, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की।जांच में एन.एच. मार्ट, रुकैया ट्रेडिंग कम्पनी और रूद्रा ट्रेडर्स के पास अग्निशमन विभाग की आवश्यक अनुमति (फायर एनओसी) उपलब्ध नहीं पाई गई। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।



