उत्तराखण्ड

देहरादून में प्रशासन का बड़ा एक्शन, विवादित धार्मिक परिसर किया सील

खबर शेयर करें -

dehradun madarsa seal

देहरादून जिला प्रशासन और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने सोमवार को डोईवाला क्षेत्र में एक कथित अनधिकृत धार्मिक परिसर के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा।

कंडोगल-कुडियाला गांव में सील किया मदरसा

जानकारी के अनुसार रानीपोखरी थाना क्षेत्र के कंडोगल-कुडियाला गांव स्थित एक दो मंजिला भवन के संबंध में निर्माण मानकों और भूमि उपयोग को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच में पाया गया कि लगभग 800 वर्ग फुट क्षेत्रफल में निर्मित भवन का स्वीकृत नक्शा MDDA से अनुमोदित नहीं था। साथ ही भवन के उपयोग को लेकर भी आपत्तियां सामने आई थीं।

कार्रवाई के दौरान मौजूद रहा भारी पुलिस बल

निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए एसडीएम डोईवाला और एमडीडीए की संयुक्त टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर भवन को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

भविष्य में भी जारी रहेगा का MDDA का एक्शन

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि भवन से संबंधित प्रकरण की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माणों के विरुद्ध भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी। बता दें उस परिसर के संबंध में स्थानीय स्तर पर लंबे समय से शिकायतें और आपत्तियां उठाई जा रही थीं। प्रशासन ने इस मामले में आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद यह कार्रवाई की है।

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव