उत्तराखण्ड

सर्विकल कैंसर से बचाव: अब 4 हजार का टीका मुफ्त, उत्तराखंड में HPV टीकाकरण अभियान शुरू

खबर शेयर करें -

सर्विकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कर दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से की गई। प्रदेश स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा जिला चिकित्सालय (गांधी शताब्दी) में किया । कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और विधायक खजान दास भी मौजूद रहे।

14 साल की बालिकाओं को HPV वैक्सीन
डीजी हेल्थ, सीएमओ, पीएमएस सहित बड़ी संख्या में आशा वर्कर्स ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। अधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा और इसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इस राष्ट्रीय अभियान के तहत 14 साल की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। देशभर में इसकी लाभार्थी करीब एक करोड़ से अधिक बालिकाएं होंगी। प्रदेश को भारत सरकार की ओर से 95 हजार डोज पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं।

155 केंद्रों पर किया जाएगा टीकाकरण
प्रदेशभर में कुल 155 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। पहले चरण में आज से प्रदेश के सभी 13 जिलों में 1 लाख 22 हजार बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। योजना के अनुसार हर वर्ष एक करोड़ से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। सरकार ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की है।

जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को करेंगे जागरूक
अगले एक महीने तक सांसद, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर इस अभियान में शामिल होंगे और लोगों को जागरूक करेंगे। गौरतलब है कि बाजार में करीब 4 हजार रुपए कीमत वाला यह टीका बालिकाओं को पूरी तरह निशुल्क लगाया जा रहा है, जिससे सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में अहम मदद मिलेगी

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव