
आज मंगलवार की तड़के उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां पर सुबह चार बजे घने कोहरे के चलते एक के बाद एक सात बसों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कुछ में तो आग लग गई। इस हादसे में अभी तक फिलहाल चार शव बरामद कर लिए गए है। तो वहीं 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।
मौत का मंजर!, घने कोहरे में एक के बाद एक 7 बसों में जोरदार टक्कर
दरअसल ये हादसा मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में हुआ। कहा जा रहा है कि कोहरा काफी घना था। जिसके चलते सात बसें आपस में टकरा गईं और इनमें आग लग गई। हालांकि ये आग कैसे लगी इसकी फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बस में कई लोग सवार थे। एक चश्मदीद ने बताया कि जब टक्कर हुई वो बस में सो रहा था। टक्कर के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा?
बताते चलें कि ये सात बसों में एक रोजवेज की बस और बाकी स्लीपर बसें थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
4 शव बरामद, 25 घायल
मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि सात बसें और तीन छोटी गाड़ियों में टक्कर हुई। अब तक चार लोगों के शवों को बरामद कर लिया गया है। तो वहीं 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं



