उत्तराखण्ड

ऊधम सिंह नगर में पुलिस मुठभेड़, कुख्यात अपराधी संगत सिंह गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर को अपराध मुक्त बनाने के लिए एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशों का असर दिखाई देने लगा है। बीती रात थाना गदरपुर क्षेत्र में वन तस्करी और वन विभाग के कर्मियों पर फायरिंग करने वाले कुख्यात अपराधी संगत सिंह उर्फ संगी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोलीबारी में संगत सिंह घायल हो गया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान एसएसपी मणिकांत मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की निगरानी की। बता दें कि, संगत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी हरिपुरा हरसान थाना बाजपुर, ऊधम सिंह नगर पर विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना गदरपुर में पंजीकृत एफआईआर संख्या 232/2024 के तहत कई गंभीर धाराओं, जैसे धारा-109(1), 121(2), 132, 191(3), 3(5) बीएनएस और धारा-26 वन अधिनियम में वांछित था।
इसके अलावा, वह केलाखेड़ा थाने में पंजीकृत एफआईआर संख्या 105/2024 में भी आरोपी था। संगत सिंह पर कई मामलों में लकड़ी की तस्करी, अवैध फायरिंग, और वन विभाग के अधिकारियों पर हमले जैसे आरोप भी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संगत सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, पोक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट, और भारतीय दंड संहिता के तहत कई धाराएं शामिल हैं। अकेले वन विभाग में ही संगत सिंह के खिलाफ 51 मुकदमे दर्ज हैं। वह इलाके का कुख्यात अपराधी माना जाता है और बार-बार फायरिंग की घटनाओं में संलिप्त रहा है। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और ऊधम सिंह नगर को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस बल कटिबद्ध है। पुलिस ने संगत सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव