उत्तराखण्ड

बगयाली क्षेत्र की जनता को मनाने पहुंचे सतपाल महाराज, फिर किया ग्रामीणों ने मतदान

खबर शेयर करें -



उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल स्थित सेडियाखाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बूथ नंबर 56 पर मतदान किया। इससे पहले उन्होंने विकास खंड एकेश्वर के बगयाली के लोगों को मतदान करने के लिए मनाया। बता दें ग्रामीण मतदान बहिष्कार का मन बनाए हुए थे।


कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल स्थित सेडियाखाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बूथ नंबर 56 पर मतदान करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह से क्षेत्र के मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पोलिंग बूथों पर पहुंचे, जो कि लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत हैं। महाराज ने कहा कि लोकतंत्र के राष्ट्रीय पर्व में प्रदेश की जनता ने जिस प्रकार से बढ़ चढ़ कर भाग लिया वह भारत के स्वस्थ एवं सशक्त लोकतंत्र का प्रत्यक्ष प्रमाण है।


कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज मतदान करने से पहले विकासखंड एकेश्वर ब्लॉक के बगयाली की जनता को मतदान करने के लिए मनाने पहुंचे। बता दें बगयाली क्षेत्र की जनता पिछले कई दिनों से मतदान के बहिष्कार पर अड़ी हुई थी। लेकिन कैबिनेट मंत्री के समझाने पर उन्होंने मतदान के बहिष्कार का अपना निर्णय वापस ले लिया और मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे।