उत्तराखण्ड

बदमाशों और ग्रामीणों के बीच विवाद में जमकर हुई फायरिंग,9 साल के बच्चे को लगी गोली

खबर शेयर करें -

रूड़की के बहादरपुर खादर और लक्सरी गांव के बीच में हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर दिया। युवक के बचाव में आए ग्रामीणों और बदमाशों के बीच हुए विवाद में हुई फायरिंग में नौ साल के एक बच्चे को गोली लग गई।


रूड़की में एक युवक पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। इसी बीच गांव वाले बीच बचाव के लिए आए तो दोनों पक्षों में पत्थरबाजी होने लगी। धीरे-धीरे दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग में नौ साल के बच्चे को गोली लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।


मिली जानकारी के मुताबिक के लक्सरी और बहादरपुर गांव के बीच स्थित एक दुकान पर एक युवक बैठा हुआ था। गुरूवार को देर रात करीब कुछ नकाबपोश बदमाश आए और उन्होंने युवक पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 12 नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल से आए थे।

जब दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा और फायरिंग हुई। इसी बीच वहां से बहादरपुर खादर गांव का नरेश बाइक से अपने बेटे के साथ घर लौट रहा था। दोनों ओर से हो रही फायरिंग में उसके नौ साल के बेटे को गोली लग गई। घायल प्रिंस को अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।


मिली जानकारी के मुताबिक बदमाशों और ग्रामीणों के बीच करीब आधे घंटे तक पत्थर, लाठी-डंडे चले। इस दौरान धारदार हथियार चले और फायरिंग भी होती रही। आधे घंटे के बाद जाकर माहौल शांत हुआ। फिलहाल पुलिस बल मौके पर तैनात है।